इंदरगढ़ मंडी में ‘चांदी का पनहा’ पर बवाल:व्यापारी का वीडियो वायरल, बोला- इंस्पेक्टर को दे दिया है; नोटिस मिला तो मांगी माफी

इंदरगढ़ कृषि उपज मंडी में एक व्यापारी का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। 14 सेकंड के इस वीडियो में व्यापारी पंकज गुप्ता मंडी इंस्पेक्टर को लेकर ‘चांदी का पनहा दिया’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मंडी प्रशासन ने व्यापारी को नोटिस जारी किया है। विवाद बढ़ता देख व्यापारी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। व्यापारी पंकज गुप्ता ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि उन्होंने कोलारस (जिला शिवपुरी) से उड़द के दो ट्रक मंगवाए थे, जिनके सभी आवश्यक दस्तावेज नियमानुसार पूरे थे। कुछ पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर उन्होंने मजाक में कहा था कि “कागज दे दिए हैं, ओरिजिनल कागज हैं।” उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बुंदेलखंडी बोली में कागज को मजाकिया तौर पर ‘चांदी का जूता/पनहा’ कहा जाता है, लेकिन वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया, जिससे गलत अर्थ निकाला गया। व्यापारी ने कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी की छवि को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए खेद प्रकट करते हैं। मंडी इंस्पेक्टर बोले- डॉक्यूमेंट सही थे मामले को लेकर मंडी इंस्पेक्टर बृजराज सिंह यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे श्याम ट्रेडर्स द्वारा कोलारस से उड़द के दो ट्रक मंडी में लाए गए थे। गेट पर जांच के दौरान सभी दस्तावेज सही पाए गए, जिसके बाद अनाज को मंडी प्रांगण के गोदाम नंबर-4 में रखवाया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें व्यापारी द्वारा ‘चांदी का पनहा’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेज दी गई है। नोटिस जारी कर मांगा जवाब, होगी कार्रवाई मंडी प्रशासन द्वारा व्यापारी को नोटिस जारी कर अभद्र और भ्रामक शब्दों के प्रयोग पर जवाब तलब किया गया है। मंडी इंस्पेक्टर ने बताया कि व्यापारी का जवाब मिलने के बाद और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला प्रशासनिक जांच के दायरे में है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर मंडी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *