धार पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर अवैध खाद्य तेल और नकली डीजल पकड़ा है। पुलिस ने ड्रोन की मदद से ढाबों और होटलों के पीछे छिपाए गए 45 लाख रुपए से अधिक के अवैध स्टॉक का पता लगाया। पुलिस ने वीर तेजाजी ढाबा, राजस्थानी ढाबा, चेतना ढाबा और राजलक्ष्मी होटल के पीछे दबिश दी। छापेमारी के दौरान चोरी किया गया खाद्य तेल, अवैध डीजल, केमिकल और बड़ी संख्या में ड्रम बरामद हुए। पुलिस ने इन्हें पकड़ा मौके पर डिजिटल मशीनें, बैटरी और नोजल का उपयोग कर अवैध रूप से पेट्रोल पंप जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस ने मौके से आसिक नायता पटेल (25), निलेश हामड (28) और अंतिम जैन (47) को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ सरदारपुर और राजगढ़ थानों में आवश्यक वस्तु अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इस मामले का एक अन्य आरोपी विजय सिंह जाडेजा, जो राजकोट, गुजरात का निवासी है, अभी फरार है। 45 लाख का सामान जब्त जब्त किए गए सामान में 1460 लीटर केमिकल, 1410 लीटर डीजल, 12,800 लीटर खाद्य तेल, 214 ड्रम, एक महिंद्रा लोडिंग वाहन, दो पिकअप और 1 लाख 35 हजार 400 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा, डिजिटल मशीनें, नोजल, डीजल नापने के उपकरण, मोटर पंप, इन्वर्टर, बैटरी और 13 डायरियां भी बरामद की गईं। जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत 45 लाख 55 हजार 500 रुपए आंकी गई है। एसपी मयंक अवस्थी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई लंबे समय से सक्रिय इस अवैध नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से हाईवे पर सक्रिय अवैध तेल और डीजल कारोबारियों को एक सख्त संदेश मिला है, और ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।


