इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को हो रही परेशानियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर रहीं श्रद्धा परमार ने अपनी पीढ़ा सोशल मीडिया पर बयां की है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि चेक-इन के लिए सिर्फ दो काउंटर ही चालू थे। इसके चलते सौ से अधिक यात्रियों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। शुक्रवार को भी ऐसा ही मामला सामने आया। यात्री ने यह भी आरोप लगाया कि टर्मिनल में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कुर्सियों की कमी के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों तक को घंटों खड़े रहना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि व्यस्त समय होने के बावजूद न तो स्टाफ बढ़ाया गया और न ही संसाधनों में कोई इजाफा किया गया। परमार ने नाराजगी जाहिर करते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस को टैग किया है। इंडिगो की लगेज वेट मशीन पर सवाल एक अन्य यात्री मनोज महाजन ने शुक्रवार को नाराजगी व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा कि इंदौर एयरपोर्ट पर इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर लगी लगेज वेट मशीनों की कैलिब्रेशन कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि घर पर सही नाप होने के बावजूद इंदौर एयरपोर्ट पर बैग का वजन अधिक दिखाया जाता है, जबकि नागपुर और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर वही बैग सही वजन दर्शाते हैं। सोशल मीडिया पर शिकायत, प्रबंधन ने जताया खेद सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने पहले मामले में खेद जताते हुए व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन दिया है। तो दूसरे मामले में कहा है कि इंडिगो चेक-इन काउंटरों पर लगे वजन मापने वाले उपकरणों की जांच और आवश्यक कैलिब्रेशन के लिए संबंधित एजेंसियों और एयरलाइन को सूचित कर दिया गया है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। लंबे समय से इंदौर एयरपोर्ट पर यही हालात बने हुए हैं और हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। सांसद ने उठाए थे रोजमर्रा की परेशानियों के मुद्दे इंदौर सांसद शंकर लालवानी बुधवार को नई दिल्ली में थे। यहां उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों को हो रही गंभीर समस्याओं की जानकारी दी थी। इस दौरान एयरपोर्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। लालवानी ने केंद्रीय मंत्री को बताया था कि इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं उस अनुपात में नहीं बढ़ाई गई हैं। उन्होंने पार्किंग एरिया में भीड़, टर्मिनल में प्रवेश के दौरान लंबी कतारें, खासकर सुबह के समय सुरक्षा जांच में होने वाली देरी और यात्रियों को होने वाली असुविधा के मुद्दे विस्तार से रखे थे। इसके अगले ही दिन यात्रियों को उसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


