धौलपुर में नाबालिग से रेप के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर कुशवाहा समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। समाज ने पुलिस प्रशासन को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। कुशवाहा समाज के नेता बीके कुशवाहा ने बताया कि यह घटना 15 दिसंबर को हुई थी। आरोपी ने नाबालिग को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ रेप किया। घटना के बाद फरार आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को कुशवाहा समाज के लोग गांधी पार्क में एकत्रित हुए। इस दौरान विधायक शोभा रानी कुशवाहा के साथ समाज के नेता रामहेत कुशवाहा और बीके कुशवाहा सहित अन्य सदस्यों ने मामले की निंदा की। उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। गांधी पार्क में प्रदर्शन के बाद समाज के लोगों ने रैली निकाली और जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का समय दिया गया। गिरफ्तारी न होने पर कुशवाहा समाज ने उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। यह था मामला 15 दिसंबर को आरोपी ने नाबालिग और उसके भाई को जेल प्रहरी के प्रवेश पत्र देने के लिए अपने घर पर बुलाया था। जहां उसने नाबालिग के भाई को बाजार में किताब लाने के लिए भेज दिया था। इस दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ रेप किया। इसके बाद नाबालिग ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपी के रिश्तेदारों को घेरकर मारपीट कर दी। जिसमें हेड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार ने आरोपी के रिश्तेदार को कंधे पर उठाकर भीड़ से बचाया था।


