उषा नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में संकट मोचन खड़े हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। जयपुर से लाई गई हनुमान जी की खड़ी मूर्ति को सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। शोभायात्रा ‘मेरे झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे राम आएंगे’ भजन के साथ प्रारंभ हुई। मार्ग में व्यायामशाला के कलाकारों ने अपने करतब दिखाए, जबकि भजनों की धुन पर महिलाएं नृत्य करती रहीं। यात्रा मल्हारी मार्तण्ड मंदिर, उषा नगर और मेन रोड होते हुए मंदिर परिसर में पहुंची। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह समिति के प्रमुख सुधीर देड़गे, रूपनारायण मंत्री और राम मूंदड़ा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद हरप्रीत कौर लूथरा, नरेंद्र पाटीदार, मनोज माखीजा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 11 विद्वान पंडितों के निर्देशन में प्रतिमा का जलाधिवास संपन्न हुआ। रात्रि में अन्नाधिवास के बाद अगले दिन 9 फरवरी को भी धार्मिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।


