इंदौर के समाजजन भी शामिल होंगे धर्म पदयात्रा में:समग्र जैन समाजजन दिल्ली से पद विहार कर पहुंचेंगे गिरनार तीर्थ, निर्वाण लाडू अर्पित करेंगे

श्री नेमि गिरनार तीर्थ धर्म पदयात्रा का शुभारंभ दिल्ली से गिरनारजी तक विश्व जैन संगठन द्वारा किया जा रहा है। भगवान श्री आदिनाथ स्वामी के जन्म तप कल्याणक दिवस चैत्र कृष्ण नवमी के अनुसार 23 मार्च 2025 को यह धर्म पदयात्रा दिल्ली से प्रारंभ होकर भगवान श्री नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक दिवस पर 2 जुलाई 2025 को भगवान नेमीनाथ की मोक्षस्थली गिरनार जी पर्वत की पांचवी टोंक पर निर्वाण लाडू अर्पण करेगी। इस पदयात्रा में इंदौर के समाजजन भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विश्व जैन संगठन के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने समग्र जैन समाज से आह्वान किया कि हम सभी जैन दिगंबर श्वेतांबर- मूर्तिपूजक, तेरापंथी, स्थानकवासी सभी समाजजन को इस धार्मिक तीर्थ बचाओ पदयात्रा में सम्मिलित होना चाहिए। सम्मेद शिखर जी आंदोलन की भांति हमारी एकरूपता प्रकट हो। सरकार हमारे समाज का गिरनार पर्वत की पांचवी टोंक का रख रखाव एवं पूजा अर्चना की सम्राट अशोक काल से चली आ रही परंपरा, गुजरात हाई कोर्ट के 17 फरवरी 2005 के आदेश का पूर्ण परिपालन एवं श्री नेमिनाथ भगवान के मोक्ष कल्याण दिवस पर गिरनार पर्वत की पांचवी टोंक – भगवान नेमीनाथ की मोक्षस्थली पर लाडू अर्पण करने का संवैधानिक अधिकार सुरक्षित करे। राजेश जैन दद्दू ने कहा कि गिरनार हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा, यह संदेश सारे विश्व को इस ऐतिहासिक पदयात्रा से पहुंचाना है। संगठन के आकाश जैन, मंयक जैन ने सभी जैन धर्म के अनुयायियों से कहा कि सब बातों को छोड़ो, सब जैनों को जोड़ो। हम नहीं दिगंबर, श्वेतांबर, तेरापंथी, स्थानकवासी का धर्म जैन, हमारा एक देव, हम एक देव के विश्वासी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *