शुक्रवार को ग्वालियर पहुंचे फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल का समर्थन करते हुए कहा, “यह एक बहुत अच्छा कदम है। मुझे लगता है कि हमारे देश में अलग-अलग समय पर होने वाले चुनावों से एक प्रकार की अव्यवस्था बनी रहती है। यदि एक समय में पूरे देश में चुनाव संपन्न हो जाएं, तो यह अधिक संगठित और सुविधाजनक होगा।” अटल जी की 100वीं जयंती को लेकर राणा ने कहा, ‘यह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और आनंद का विषय है। अटल जी एक अभूतपूर्व राजनेता थे। उनकी सबसे विशेष बात यह थी कि उनकी आत्मा साहित्यिक चेतना से संपन्न थी।यह हमारे लिए गौरव की बात है कि देश ने एक ऐसा नेता पाया, जिसने अपनी साहित्यिक सोच और अद्भुत नेतृत्व क्षमता से देश की दिशा और दशा को बेहतर बनाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। ग्वालियर, जो ऋषि गालव की पवित्र भूमि है, वहां उनकी स्मृति में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है।” इसके अलावा, उन्होंने लोकतंत्र और राजनीति पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा, “हम सभी, जो लोकतंत्र का हिस्सा हैं, राजनीति में भी किसी न किसी रूप में शामिल हैं। यदि हमें वोट देने का अधिकार है, तो यह मानकर चलना चाहिए कि हम राजनीति का हिस्सा हैं। लोकतंत्र की यही ख़ूबसूरती है कि यह ‘हमारे लिए, हमारे द्वारा’ की भावना से संचालित होता है। देश का प्रत्येक नागरिक राजनीति से प्रेरित होता है और उसे प्रेरित करता है।”


