इंदौर में ज्यादा पैसा कमाने की लालच में ब्राउन शुगर बेच रहे एक बदमाश को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई VIP रोड स्थित गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास की। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा नजर आया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। दिहाड़ी पर वाहन चलाता है आरोपी पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास उर्फ सरदार सौदे निवासी छत्रीपुरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी दिहाड़ी पर वाहन चलाने का काम करता है और 10वीं तक पढ़ा हुआ है। नशे की खेप कहां से मिली,पुलिस कर रही जांच प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ज्यादा मुनाफा कमाने के उद्देश्य से ब्राउन शुगर को महंगे दामों में बेचता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसे नशे की खेप कहां से मिलती थी और किन लोगों को सप्लाई की जा रही थी। क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


