इंदौर में दूषित पानी से हुई घटना से सबक लेते हुए खंडवा नगर निगम अलर्ट मोड पर है। शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने के लिए निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पिछले दो दिनों में नर्मदा लाइन में 33 लीकेज ढूंढे गए हैं, जिनमें से 14 को सुधार दिया गया है। रविवार से इस काम में 10 अलग-अलग टीमें लगा दी गई हैं, ताकि बाकी लीकेज भी जल्द ठीक किए जा सकें। निगम कमिश्नर प्रियंका सिंह राजावत ने बताया कि लोगों की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए जल कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक 7587561173 और 7587561203 पर कॉल कर पानी से जुड़ी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। 10 वार्डों में 120 जगह पानी की टेस्टिंग
लाल चौकी स्थित फिल्टर प्लांट और रामेश्वर टंकी की सफाई का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। ‘अमृत मित्रों’ की टीम ने शहर के 10 वार्डों में 120 स्थानों से पानी के सैंपल लेकर जांच की है, ताकि पानी की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। नालियों से गुजर रहे 6 कनेक्शन काटे
निगम ने अवैध कनेक्शनों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान नियमों के खिलाफ जाकर नालियों के बीच से गुजर रहे 6 अवैध घरेलू कनेक्शन काटे गए। नगर निगम ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शनों की सूचना दें और जल संरक्षण में सहयोग करें।


