अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत श्रीमद भगवद् गीता पाठ के आयोजन के साथ गीता जयंती का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का शुभारंभ भी हुआ। ग्रामीण हाट बाजार परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संतों ने गीता के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ का वितरण भी किया गया। प्रभारी कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिशा-निर्देशन में केन्द्र एवं राज्य सरकार की चिंहित हितग्राही मूलक योजनाओं में शत प्रतिशत सैचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित योजनाओं को प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 11 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक जिले में आयोजित होगा। अभियान के तहत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्र के सभी वार्ड में शिविर का आयोजन होगा। कार्यक्रम को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संबोधित करते हुए कहा कि गीता जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी 34 हितग्राही मूलक योजनाओं, 11 लक्ष्य आधारित, 63 सेवाओं का लाभ पात्रतानुसार हितग्राहियों को प्रदान किया जाएगा। उन्होंने आयुष्मान योजना तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के समस्त वृद्धजनों से आयुष्मान भारत योजना का कार्ड बनवाने का आह्वान किया। विधायक गोलू शुक्ला ने अधिक से अधिक पात्रधारियों से मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के तहत योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।


