शाजापुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने स्कूल में छात्रा के साथ मारपीट के मामले में विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ग्राम पनवाड़ी में स्थित सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी के नाम डीपीसी को ज्ञापन सौंपा। इसमें स्कूल की मान्यता समाप्त करने की मांग की। ग्राम पनवाड़ी में स्थित सेंट मैरिज कान्वेंट स्कूल में पिछले दिनों दिनों टीचर्स ने 5वीं की छात्रा के साथ दो दिन तक मारपीट की थी। इसकी शिकायत परिजन ने पिछले मंगलवार को जनसुनवाई में भी की थी। मामला सामने आने के बाद बुधवार को एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधक व प्राचार्य के खिलाफ प्रदर्शन किया। डीपीसी राजेन्द्र क्षिप्रे ने बताया कि स्कूल में छात्रा के साथ मारपीट के मामले जांच चल रही है। स्कूल प्रबंधन को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाने को कहा गया, लेकिन नहीं दिए गए हैं। मामले की जांच के पश्चात कार्रवाई की जाएगी।


