इंदौर में आज दिनभर की 10 बड़ी खबरें:क्षितिज सिंघल नए निगमायुक्त, कोहरे से 16 से ज्यादा उड़ानें लेट, एमडी ड्रग के साथ 3 गिरफ्तार

नमस्कार, ये है, इंदौर में आज की 10 बड़ी खबरें। अब आप एक ही जगह पर शहर की दिनभर की बड़ी खबरें रोज शाम 5 बजे पढ़ सकते हैं। इंदौर में कब क्या हुआ, इसकी सारी जानकारी यहां मिलेगी। राजनीति से लेकर हर दिन होने वाले बड़े इवेंट, हादसे, कार्यक्रम सबकुछ…। 1. क्षितिज सिंघल बने इंदौर के नए निगमायुक्त
शुक्रवार रात दिलीप कुमार यादव के तबादले के बाद शनिवार को 2014 बैच के आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया। बताया जा रहा है कि वे आज ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। क्षितिज सिंघल को एक तेजतर्रार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनकी पत्नी शीतला पटले भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सिवनी की कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं।पूरी खबर पढ़ें 2. जहरीले पानी से मौत के मामले में भागीरथपुरा में नारेबाजी-हंगामा इंदौर के भागीरथपुरा में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं। दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी की जा रही है। बीजेपी कार्यकर्ता ‘बाहरी लोग वापस जाओ’ के नारे लगा रहे हैं तो कांग्रेसी ‘घंटा पार्टी मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिस लगातार समझाइश दे रही है। इंदौर में दूषित पानी पीने से मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। हीरालाल (65) की मौत 31 दिसंबर को हुई थी। भागीरथपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुताबिक हीरालाल नमक बुजुर्ग निवासी शीतल नगर लक्ष्मी नगर में किसी के पास मिलने आए थे, तभी उनकी हालत खराब हुई थी। मौत कार्डियक अरेस्ट से होने की बात सामने आई थी।पूरी खबर पढ़ें 3. एयरपोर्ट पर कोहरे का असर, 16 से ज्यादा उड़ानें घंटों लेट
इंदौर में आज सुबह से घना कोहरा छाया रहा। इसका सबसे ज्यादा असर इंदौर से जुड़े हवाई यातायात पर पड़ा। इंदौर में जहां 6.40 बजे से विमानों का उतरना शुरू हो जाता है, वहीं आज घने कोहरे के कारण पहला विमान 9.30 बजे उतर पाया। उड़ानों के आने में देरी होने से जाने वाली भी उड़ानें लेट रहीं। कोहरे के कारण 16 से ज्यादा फ्लाइट दो से तीन घंटे देरी से संचालित हुई। इसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।पूरी खबर पढ़ें 4. भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे के टिकट 5 मिनट में सोल्ड आउट भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को होने वाले इस मैच के टिकट महज 5 मिनट में ही बिक गए। शनिवार सुबह लोग नींद से जागते, उससे पहले ही टिकट सोल्ड आउट हो चुके थे। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो पर जैसे ही विंडो खुली, फैंस टिकट खरीदने टूट पड़े। हालत यह रही कि सुबह 5:15 बजे से पहले ही सभी टिकट बुक हो गए और वेबसाइट व ऐप पर “Sold Out” का मैसेज दिखने लगा।पूरी खबर पढ़ें 5. क्राइम ब्रांच ने 20 ग्राम एमडी ड्रग के साथ तीन को पकड़ा
इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवक और एक महिला को एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर में छात्रों को नशे की सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग और एक कार जब्त की है। पुलिस टीम ने स्कीम नंबर 114 स्थित पानी की टंकी के पास से इरफान शेख निवासी एमआईजी कॉलोनी, सरफराज खान निवासी खजराना और उनकी एक महिला मित्र को पकड़ा है।पूरी खबर पढ़ें 6. सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत
इंदौर के राउ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक महेश धाकड़ (52) की मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें एंबुलेंस से चोइथराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक महेश धाकड़, निवासी पिगडंबर पुलिस लाइन, शुक्रवार रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक गाड़ी से बचने के प्रयास में उन्होंने बाइक एक तरफ मोड़ी, तभी सड़क निर्माण के लिए लगाए गए लोहे के पतरे और चादरनुमा शेड से टकरा गए।पूरी खबर पढ़ें 7.मैट्रीमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर ठगी इंदौर के एमजी रोड इलाके में रहने वाली एक युवती के साथ मैट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। शादी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद युवक ने बातचीत के दौरान भरोसा जीतकर युवती से करीब 1 लाख 61 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने शुक्रवार को साइबर सेल में शिकायत की, जिसके बाद एमजी रोड पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पूरी खबर पढ़ें 8. तेजाजीनगर में दो कारों की टक्कर, बुजुर्ग की मौत
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार (29 दिसंबर 2025) सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उज्जैन से ओंकारेश्वर जा रही कार और सनावद से इंदौर आ रही कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में सनावद की कार में सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार हादसे में सनावद निवासी भैयालाल उर्फ भल्ला जी पुत्र लक्ष्मण की मौत हो गई।पूरी खबर पढ़ें 9. चरित्र शंका में 6 बच्चों की मां को दिया तीन तलाक
इंदौर की खजराना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ तीन तलाक के मामले में FIR की है। पीड़िता के शादी के बाद 6 बच्चे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति उसके चरित्र पर शक करता है। इसके चलते उसने मारपीट की और घर से निकाल दिया। टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक 33 साल की महिला की शिकायत पर उसके पति जाहिद पुत्र जरदार शाह निवासी तंजीम नगर के खिलाफ तीन तलाक और मारपीट के मामले में एफआईआर की गई है। महिला गृहणी है। दोनों की शादी मुस्लिम रीति रिवाज से हुई थी।पूरी खबर पढ़ें 10. निजी बैंक के क्रेडिट मैनेजर को ठग लिया इंदौर की गांधी नगर पुलिस ने एक निजी बैक के क्रेडिट मैनेजर की शिकायत पर ऑनलाइन ठगी के मामले में कार्रवाई की है। मैनेजर से वर्क फ्राॅम होम के नाम पर लाखों रुपए ठगे गए। जिसमें ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर कराए गए। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक आशीष मिश्रा की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज किया है। 24 नवबंर की दोपहर उनके मोबाइल पर वॉट्सएप पर मैसेज आया। जिसमें वर्क एट होम को लेकर काम करने की बात कही गई।पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *