इंदौर में आज दिनभर की 10 बड़ी खबरें:मैराथन में दौड़ रहे युवक की मौत; आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके साथ घूमता रहा

नमस्कार, ये है, इंदौर में आज की 10 बड़ी खबरें। अब आप रोज शाम 5 बजे एक ही जगह पर शहर की दिन भर की बड़ी खबरें पढ़ सकते हैं। कब क्या हुआ, इसकी सारी जानकारी यहां मिलेगी। राजनीति से लेकर हर दिन होने वाले बड़े इवेंट, हादसे, कार्यक्रम सबकुछ…। 1. इंदौर मैराथन में दौड़ रहे युवक की मौत इंदौर में रविवार सुबह मैराथन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। आर्यन ने मैराथन में रजिस्ट्रेशन कराया था और दौड़ में शामिल भी हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्यन मैराथन पूरी करने के बेहद करीब था। नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस वक्त मैराथन पूरी हो चुकी थी। पढ़िए पूरी खबर। 2. CM बोले- सरकारी अस्पतालों में बनेंगे गर्भ संस्कार कक्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर के डेली कॉलेज में दिव्य संतान प्रकल्प कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने वाले शासकीय चिकित्सालय भवनों में गर्भ संस्कार कक्ष बनाए जाएंगे। चिकित्सा विश्वविद्यालयों और उनसे जुडे़ महाविद्यालयों में गर्भ संस्कार के अध्ययन और अध्यापन की व्यवस्था की जाएगी। इससे पहले सीएम ने गर्भ संस्कार पुस्तक का विमोचन किया। पढ़िए पूरी खबर। 3.भागीरथपुरा दूषित पानी हादसा; दो महिलाओं की हालत गंभीर इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी हादसे में अब तक 31 मौतें हो चुकी हैं। इस मामले में 450 से ज्यादा मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, लेकिन दूसरी ओर चार मरीज अभी भी एडमिट हैं। इनमें से 2 आईसीयू में और एक वेंटिलेटर पर है। इनमें से दो बुजुर्ग महिलाओं की हालत काफी क्रिटिकल बनी हुई है। पढ़िए पूरी खबर। 4. नाबालिग की हत्या, पुलिस को गुमराह करने साथ में घूमता रहा आरोपी एमआईजी थाना क्षेत्र में 13 साल के नाबालिग की एक युवक ने बिल्डिंग की छत पर हत्या कर दी और लाश को फ्लैट में रखे पलंग में छिपा दिया। वह पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके साथ-साथ ही घूमता रहा ताकि उस पर शंका ना हो। पुलिस को उसकी हरकतों पर शंका हुई तो उससे पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने वारदात को करना बताया। पढ़िए पूरी खबर। 5. ग्राइंडर से कटी गर्दन, एमवायएच के डॉक्टरों ने बचाई जान इंदौर में घर पर लोहे की रॉड काटते समय ग्राइंडर मशीन से गर्दन कटने के गंभीर हादसे में घायल 38 वर्षीय सोहन को एमवाय अस्पताल (एमवायएच) के डॉक्टरों ने नई जिंदगी दी। जटिल सर्जरी और 14 दिन के इलाज के बाद सोहन पूरी तरह स्वस्थ होकर परिजन के साथ घर रवाना हो गया। पढ़िए पूरी खबर। 6. 18 साल की युवती ने फांसी लगाकर दी जान इंदौर के बिचौली मर्दाना इलाके में एक बंगले पर काम करने वाली 18 वर्षीय नौकरानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आत्महत्या के कारण फिलहाल अज्ञात बताए जा रहे हैं। 7. इंदौर मैराथन में एक साथ दौड़े 20 हजार धावक एकेडमी ऑफ इंदौर मैराथनर्स (AIM) के तत्वावधान में सेंट्रल इंडिया की सबसे बड़ी ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया इंदौर मैराथन’ (पावर्ड बाय दैनिक भास्कर) का भव्य आयोजन रविवार को किया गया। सुबह 6 बजे नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस आयोजन में 20 हजार से अधिक धावकों ने भाग लिया। पढ़िए पूरी खबर। 8. इंदौर में 15 मार्गों और 19 उद्यानों का होगा नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर एबी रोड का नाम बदलकर अटल बिहारी मार्ग किए जाने के बाद इंदौर नगर निगम शहर में बड़े पैमाने पर नामकरण की तैयारी में है। नगर निगम की नामकरण समिति ने शहर के 15 मार्गों और 19 उद्यानों के नए नाम तय कर लिए हैं। समिति द्वारा तैयार प्रस्ताव को अब मेयर-इन-काउंसिल (MIC) में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पढ़िए पूरी खबर। 9. इंदौर के RTO प्रदीप शर्मा ने माउंट अकोंकागुआ पर फहराया तिरंगा इंदौर के RTO अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने एशिया के बाहर की सबसे ऊंची चोटी माउंट अकोंकागुआ (6,962 मीटर) पर भारतीय तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे देश के पहले RTO अधिकारी बने हैं, जिन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय शिखर पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और हाई रेंज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पढ़िए पूरी खबर। 10. शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म इंदौर में 22 साल की युवती के साथ एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर दिया। उसने कई बार युवती को झूठ बोलकर उसका फायदा उठाया। जब युवती ने शादी का बोला तो वह शादी करने से मना करने लगा और उसे बदनाम करने और जान से मरवाने की धमकी देने लगा। युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पढ़िए पूरी खबर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *