नागौर जिले के गोटन कस्बे की श्री करणी एकेडमी में आयोजित 28वीं सब-जूनियर राज्य स्तरीय सेपक टकरा (किक वॉलीबॉल) प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय इस खेल महाकुंभ में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपने कौशल और फुर्ती का प्रदर्शन किया, जिसमें बालक वर्ग में नागौर और बालिका वर्ग में चूरू की टीमों का दबदबा रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ऋषभ राठी रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान सेपक टकरा संघ के अध्यक्ष टी.के. सिंह ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट हरि चरण प्रजापत, वीरेंद्र सिंह चांपावत, दिनेश चौधरी और कुंदन सिंह मौजूद रहे। आयोजन सचिव राज कच्छावा ने सभी अतिथियों का साफा पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर राजस्थानी परंपरा के अनुसार स्वागत किया।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए विजय विजेंद्र सिंह कच्छावा ने बताया कि बालक वर्ग के रेग्यू इवेंट में नागौर ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि जोधपुर की टीम उपविजेता रही। इस वर्ग में सीकर और भीलवाड़ा को संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। बालिका वर्ग के रेग्यू मुकाबलों में चूरू की टीम चैंपियन बनकर उभरी, वहीं जोधपुर ने दूसरा और झुंझुनूं व बांसवाड़ा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। डबल्स इवेंट में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक डबल्स में जोधपुर ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीकर दूसरे और नागौर व झुंझुनूं तीसरे स्थान पर रहे। बालिका डबल्स में भी चूरू का जादू चला और वह विजेता रही, जबकि जोधपुर उपविजेता और पाली व बांसवाड़ा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
समापन के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को पदक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सेपक टकरा जैसे खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना पैदा करते हैं। राजस्थान सेपक टकरा संघ के सचिव राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस सफल आयोजन से प्रदेश में इस खेल को नई पहचान मिलेगी।


