जिला प्रशासन द्वारा आवासहीनों के लिए आयोजित दो दिनी आवास मेले का रविवार को समापन हो गया। मेले में 26 हजार से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। करीब 1150 से ज्यादा प्लॉट, फ्लैट की बुकिंग और आवंटन भी किया गया। इससे जरूरतमंद आवासहीनों को सहजता के साथ आवास प्राप्त हो गए। उनके अपने आशियानों का सपना साकार हुआ। यह मेला जनकल्याण अभियान और सुशासन हफ्ते के तहत किया गया।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि आवासहीनों को विभिन्न कॉलोनियों में सहजता के साथ आवास उपलब्ध कराने के लिए यह मेला आयोजित किया गया। मेले को बेहतर प्रतिसाद प्राप्त हुआ है। मेले में खरीददारों ने खुशी जाहिर की। आवास मेले के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के नागरिकों को प्लॉट, फ्लैट खरीदने का अवसर दिया गया। संयुक्त कलेक्टर प्रदीप सोनी ने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खरीददारों को प्लॉट, फ्लैट का आवंटन किया गया। डाटाबेस तैयार, आवंटन प्रक्रिया जारी जिन खरीदारों ने रुचि दिखाई है उनका डाटाबेस तैयार किया गया है। उन्हें प्लॉट के आवंटन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस मेले में इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डेवलेप की जा रही करीब डेढ़ कॉलोनियों में EWS-LIG के लिए आरक्षित 6 हजार से ज्यादा प्लाट और फ्लैटों को बेचने के लिए स्टॉल लगाए थे। विभिन्न बैंकों द्वारा भी लोन के लिए अपने स्टॉल लगाए गए।


