इंदौर के भंवरकुआ इलाके में शनिवार सुबह सब्जी बेचने वाले 18 वर्षीय हेमंत पंवार को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार युवक को कई फीट तक घसीटती ले गई। गंभीर हालत में हेमंत को अस्पताल भेजा गया, जहां 5 दिनों तक उपचार के बाद आज उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हेमंत (पुत्र महेश पंवार) भोलाराम उस्ताद मार्ग का निवासी था। उसके परिवार के अनुसार, हेमंत का 1 जनवरी को जन्मदिन था और उसने अपने माता-पिता से नया मोबाइल लिया था, जो हादसे में टूट गया। 4 जनवरी को वह हादसे का शिकार हो गया। परिवार ने बताया कि हेमंत के शरीर से बहुत खून बह गया था और उसे 27 बोतल खून चढ़ाया गया, लेकिन वह बच नहीं पाया। हेमंत के पिता गार्ड का काम करते हैं और उसके एक छोटा भाई और बहन हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


