इंदौर में खालसा और उज्जैन में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज सील:दोनों कॉलेज पर एक करोड़ से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स बकाया,कई नोटिस देने पर भी जमा नहीं की राशि

इंदौर और उज्जैन नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों को लेकर सख्ती दिखाई है। गुरुवार को इंदौर में खालसा कॉलेज का ऑफिस, तो उज्जैन में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज का स्टोर रूम सील कर दिया गया है। दोनों संस्थानों पर एक करोड़ से अधिक का टैक्स बनाया था। इसके अलावा दोनों नगर निगम अन्य बकायादारों पर भी कार्रवाई कर रहे हैं। खालसा कॉलेज पर एक करोड़ 76 लाख बकाया इंदौर नगर निगम की टीम ने एक करोड़ 76 लाख का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने पर गुरुवार को खालसा कॉलेज के ऑफिस को सील कर दिया। निगम ने कॉलेज प्रबंधन को कई बार टैक्स जमा करने का नोटिस दिया, पर प्रबंधन ने टैक्स जमा नहीं किया। इसके अलावा मरोठिया बाजार में और लोगों पर कार्रवाई की गई है। नगर निगम की टीम ने बकायादारों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसी के तहत गुरुवार को खालसा कॉलेज पर कार्रवाई की गई है। सुबह निगम के अधिकारी और कर्मचारी खालसा कॉलेज पहुंचे और ऑफिस सील कर दिया। राजमोहल्ला जोन के सहायक राजस्व अधिकारी अखिलेश मालवीय ने बताया कि खालसा कॉलेज के ऑफिस को सील किया है। काफी वक्त से उनका टैक्स बकाया चल रहा है। टैक्स की राशि बढ़कर एक करोड़ 76 लाख हो गई थी। उन्हें कई बार नोटिस दिया गया और बोला भी गया, फिर भी राशि जमा नहीं कर रहे थे। मालवीय ने बताया कि खालसा कॉलेज को 6 दिसंबर को नोटिस दिया था और तीन दिन में राशि जमा करने के लिए कहा गया था। लगातार नोटिस देने के बाद भी उनके द्वारा राशि जमा नहीं कराई गई। इसके चलते आज ये कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अब भी टैक्स जमा नहीं किया जाता है तो निगम की ओर से सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वैसे कॉलेज प्रबंधन ने बीच में कुछ राशि जमा भी की है, पर अमाउंट बड़ा होने के कारण ऑफिस सील किया गया है। निगम ने बकायादारों की लिस्ट की तैयार मालवीय ने बताया कि शहर में 20 से 25 बड़े बकायादार हैं। उनकी लिस्ट तैयार कर ली गई है। उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं छोटे बकायादारों को कॉल करके टैक्स जमा करने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरोठिया बाजार में भी निगम की टीम ने कार्रवाई की है। 13 को नेशनल लोक अदालत 13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। बकायादारों को इसमें आकर बकाया टैक्स जमा करने के लिए कहा जा रहा है। नेशनल लोक अदालत में बकायादारों को सरचार्ज में छूट भी दी जा रही है। इसमें आने के लिए निगम अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों और संस्थानों में जाकर लोगों को पीले चावल भी दिए जा रहे हैं। उज्जैन में सरकारी कॉलेज का एक करोड़ एक लाख बकाया उज्जैन में 8 बकायादारों पर 1 करोड़ 22 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इसमें सबसे बड़ा बकायादार सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज है। इस कॉलेज पर एक करोड़ एक लाख 20 हजार रुपए का टैक्स बकाया है। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि संपत्ति कर अमले ने 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत से पूर्व टैक्स बकायादारों को बिल जारी किए हैं। साथ ही जिन बकायादारों को पूर्व में बिल जारी किए गए थे, ऐसे बकायादारों से राशि प्राप्त नहीं होने की स्थिति में तालाबंदी की कार्यवाही की गई है। झोन क्रमांक 1, 3 एवं 6 में यह कार्रवाई की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *