बुरहानपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने की पत्नी की शिकायत पर जैनाबाद सरपंच जयाश्री महेंद्र इंगले, उनके पति महेंद्र इंगले और भाई राजू पिता खेमचंद इंगले के खिलाफ शिकारपुरा थाने में विभिन्न धाराओं (191-2, 296 ए, 115-2, 351-3) में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में जैनाबाद के ग्रामीणों और सरपंच समर्थकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। मामला गांव में बन रहे एक सीसी रोड से वाहन निकालने को लेकर शुरू हुआ। मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज माने के ड्राइवर ने गांव में बने नए रोड से ट्रैक्टर-ट्रॉली निकाली। इस पर सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र इंगले ने आपत्ति जताई और कहा कि नया रोड खराब हो जाएगा। इस बात को लेकर सरपंच प्रतिनिधि और भाजपा जिलाध्यक्ष के परिवार के बीच विवाद हुआ। मंगलवार दोपहर को विवाद के बाद रात में भी विवाद हुआ। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी की शिकायत पर बुधवार को शिकारपुरा थाने में केस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, इंगले परिवार की ओर से भी शिकारपुरा थाना, आजाक थाना और एसपी को शिकायत की गई है। गुरुवार को जैनाबाद के कई रहवासी और सरपंच समर्थक, समाज के लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि यह कार्रवाई दबाव में की गई है और इसकी जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी, बेटी और ड्राइवर ने महिला सरपंच के साथ नवनिर्मित सीसी रोड पर से रेत की ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने की बात पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, मारपीट की और धमकियां दीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने सरपंच पद से हटाने की धमकी दी। इस मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज माने ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि शिकायत पर केस दर्ज हुआ है और आगे की कार्रवाई पुलिस प्रशासन को करनी है।


