विगत 5 दशकों से ग्राहकों की समस्याओं के लिए समर्पित संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने इंदौर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस वर्ष राष्ट्रीय ग्राहक दिवस के अवसर पर इंदौर जिला प्रशासन द्वारा ग्राहकों की समस्याओं के निराकरण के लिए देश के पहले उपभोक्ता मार्गदर्शन केंद्र की स्थापना की गई, जो वास्तव में दूरगामी सोच है। इंदौर शहर के मध्य जिला कलेक्टर कार्यालय में पहुंचना जनसाधारण के लिए काफी सरल है। यहां पर ग्राहकों की शिकायतों के लिए बनाया गया केंद्र वास्तव में अत्यंत उपयोगी एवं सार्थक सिद्ध होगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी एम.एल. मारू ने दूरदृष्टि का परिचय देते हुए ग्राहकों को सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया, जिस पर मंगलवार को जनसुनवाई वाले दिन से कार्य करना आरंभ हो गया। सर्वप्रथम महू से नवीन पवार द्वारा गोपाल चंद्र चौहान और ज्योति चौहान की शिकायत मिली, जो कि पोस्ट ऑफिस के किसान विकास पत्र भुगतान के संबंध में थी। कुछ शिकायत इंदौर से भी मिली जिस पर मारु ने उचित दिशा निर्देश दिए। ग्राहक पंचायत परिवार ने इस नवाचार के लिए अभिनव पहल करने वाले जिला खाद्य नियंत्रक एम. एल. मारू को अभिनंदन पत्र भेंट किया। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कौशल, प्रांत अधिकारी पं. डी.जी. मिश्र अधिवक्ता, महानगर प्रचार टीम के दुर्गेश सोनी सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


