इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना हंस ट्रेवल्स ऑफिस के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वह टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार सागर जिले के बंदरी निवासी संस्कार तिवारी (22) देर रात अपने दोस्त प्रवीण को भंवरकुआ इलाके से स्पोर्ट्स बाइक पर छोड़ने आया था। ट्रेवल्स ऑफिस के पास रुकने के बाद प्रवीण अपने किसी और दोस्त को फोन कर रहा था। इसी दौरान संस्कार वहां से बाइक लेकर निकलने लगा। जैसे ही उसने टर्न लिया, एक अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। डिवाइडर में जा घुसी बाइक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक डिवाइडर में जा घुसी और संस्कार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। थोड़ी देर बाद जब प्रवीण ने सड़क पर भीड़ देखी तो वह अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा, जहां संस्कार घायल अवस्था में मिला। तुरंत उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दोस्तों से मिलने आया था आयुष संस्कार के दोस्त आयुष ने बताया कि वह अपने दोस्तों से मिलने इंदौर आया था और भंवरकुआ क्षेत्र में दोस्तों के फ्लैट पर रुका हुआ था। परिवार में उसके माता-पिता और एक बड़ा भाई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार इंदौर पहुंच गया।


