इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से 17 लोगों की मौत के बाद कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार शाम करीब 6 बजे धार के मोहन टॉकीज चौराहे पर जिला, शहर और युवक कांग्रेस ने संयुक्त रूप से नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। मोहन टॉकीज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन शाम के समय मोहन टॉकीज चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में घंटे लेकर जोरदार नारेबाजी की। घंटा बजाकर कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और सरकार को जगाने का प्रयास बताया। मंत्री को बताया ‘घंटा मंत्री’ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को ‘घंटा मंत्री’ बताते हुए कहा कि दूषित पानी से हुई मौतों की नैतिक जिम्मेदारी मंत्री को लेनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मौतों के बावजूद मंत्री और प्रशासन की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस ने मंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। सरकार और नगर निगम पर आरोप पुतला दहन के दौरान युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष रोहित कामदार ने सरकार और नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही मौतों के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां गंभीर नहीं हैं। रोहित कामदार ने आरोप लगाया कि दूषित और बदबूदार पानी की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लापरवाही से गई निर्दोषों की जान उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और नगर निगम की है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शन के दौरान दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस विरोध प्रदर्शन में युवक कांग्रेस और शहर कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। घंटा बजाकर किए गए प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल देखी गई।


