इंदौर में दो पक्षों में विवाद…जमकर चले लाठी-डंडे:बदमाशों ने हथियार भी निकाले, 6 से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ FIR

इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना शनिवार-रविवार दरमियानी रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परदेशीपुरा पुलिस ने बताया कि घटना माली के बगीचे की है। यहां अमर प्रजापति की शिकायत पर निहाल चतुर्वेदी, रजत मराठा उर्फ टीटू, दीपु बघेल, अभिषेक मराठा, गौतम माली और हर्ष बरोड़े के खिलाफ हथियार लहराने और मारपीट करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुरानी रंजिश में हुआ हमला अमर ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। वह रात में अपने दोस्त सोनू के यहां गमी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान वहां गौतम माली आया और उससे कहा, “क्या इच्छा है।” जब अमर रास्ता बदलकर जाने लगा तो गौतम ने उसके साथ अपशब्द कहे। इसके बाद सोनू ने आकर समझाने की कोशिश की, तभी अन्य आरोपी भी वहां आ गए। आरोपियों ने अपशब्द कहते हुए अमर के साथ मारपीट की। गौतम ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। इस दौरान बदमाशों ने चाकू और अन्य हथियार भी निकाल लिए। आसपास मौजूद लोग बचाव में आ गए, नहीं तो आरोपी उसकी हत्या कर सकते थे। सूचना मिलने के बाद रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद करने वाले कुछ लड़कों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष की आरोपियों से पुरानी रंजिश भी चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *