इंदौर में पति ने पत्नी की हत्या की:सिर पर भारी वस्तु से हमला, बेटों ने दूसरी महिला से अफेयर का आरोप लगाया

इंदौर के निरंजनपुर इलाके में बुधवार रात एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला अपने ही घर के किचन में घायल अवस्था में पड़ी मिली थी, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले की सूचना अस्पताल से पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। जांच में हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि आरोपी पति फरार है। लसूडिया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि बुधवार रात अस्पताल से संगीता चौहान (45) की मौत की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतका के बेटे आकाश ने बताया कि वह और उसका भाई काम पर गए थे। रात में जब दोनों घर लौटे तो मां सामने के कमरे में नहीं मिली। किचन में जाने पर मां जमीन पर घायल अवस्था में पड़ी थी और सिर से खून निकल रहा था। मां को इस हालत में देखकर वह चिल्लाया, तभी उसके पिता रमेश चौहान को घर से बाहर की ओर तेजी से भागते हुए देखा गया। बाद में आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति रमेश चौहान घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही घटना के पीछे के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। दूसरी महिला से अफेयर का खुलासा मृतका के बेटे आकाश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध था, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। आकाश के अनुसार घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। उसने बताया कि उसकी मां सिलाई का काम करती थी, जबकि पिता लोडिंग वाहन चलाने का काम करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *