रिक्शा में चायनीज मांझा ले जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने चेकिंग के दौरान में पकड़ लिया। उसके पास से 20 रोल चायनीज मांझे के मिले हैं, जिनकी कीमत 6 हजार रुपए है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बता दें कि शहर में चायनीज मांझे को बेचने और भंडारण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। परदेशीपुरा टीआई आरडी कानवा ने बताया कि बीती रात पुलिस इलाके में चेकिंग कर रही है। इस दौरान एक सवारी रिक्शा को रोका। जिसमें शैलेष पिता भैंसालाल खंडेलवाल निवासी छोटी खजरानी मिला। उसके पास रखे सामान को चेक किया गया तो, उसमें 20 रोल चायनीज मांझा मिला। टीम ने तुरंत चायनीज मांझा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह चायनीज मांझा बेचने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था। इसके चलते उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित है। चायनीज मांझे में उलझकर गला कटने या चेहरे-हाथ पैर में कट लगने के मामले सामने आने के लिए इंदौर कलेक्टर ने इसकी खरीद-बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया है।


