इंदौर में बस कंडक्टर की हत्या का खुलासा:शराब के नशे में गिरने की कहानी निकली झूठी, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से खुली मारपीट की पोल

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बस के नीचे मिले कंडक्टर के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में हादसे की कहानी सामने आई थी, लेकिन शॉर्ट पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह मामला हत्या में तब्दील हो गया। रिपोर्ट से पता चलता है कि कंडक्टर के साथ मारपीट की गई थी। मृतक की पहचान सचिन (38) पिता सुखदेख मंडलोई निवासी डाबरी जिला खरगोन के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के साथ बस में काम करने वाले ड्राइवर रतलाल उर्फ रतन पिता दुलेसिंह गुर्जर निवासी मानपुर को आरोपी बनाया है। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ड्राइवर ने पहले बताई थी हादसे की कहानी बुधवार को शव मिलने के बाद ड्राइवर रतन ने पुलिस को बताया था कि कंडक्टर सचिन दिनभर शराब के नशे में था। रात में जब वह बस में सोने नहीं आ रहा था तो उसे जबरन बस में लाया गया। इसी दौरान वह बस से गिर गया और पास बने सीमेंट के ओटले से सिर टकराने से घायल हो गया। रतन ने यह भी दावा किया था कि खुले में पड़े रहने और ठंड के कारण सचिन की मौत हो गई। हालांकि पुलिस को शुरू से ही ड्राइवर की कहानी पर संदेह था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से सामने आई मारपीट गुरुवार शाम आई शॉर्ट पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में सचिन के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने सचिन के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में सचिन उससे विवाद कर रहा था, जिसके चलते उसने रॉड से उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह उसे खुले मैदान में छोड़कर चला गया। बस की मरम्मत के दौरान हुआ विवाद पुलिस के अनुसार आरोपी ड्राइवर और मृतक कंडक्टर इंदौर-शिर्डी-पुणे रूट की बस पर साथ में काम करते थे। बस में खराबी आने के कारण दोनों रोबोट चौराहे के पीछे एक मैकेनिक से बस की मरम्मत करवा रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। हत्या का केस दर्ज, जांच जारी एमआईजी पुलिस ने आरोपी ड्राइवर रतन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच पोस्ट मार्टम की फाइनल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *