इंदौर में रहने वाली एक महिला ने अपने टीचर पति के खिलाफ गंभीर उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। महिला की सुरक्षा को देखते हुए इंदौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामला राजस्थान पुलिस को भेजा है, क्योंकि आरोपी वहीं निवास करता है। यह है पूरा मामला पलासिया पुलिस के अनुसार, नेहा शर्मा निवासी नेहल एवेन्यू, गोयल नगर की शिकायत पर उसके पति प्रवीण शर्मा (निवासी सीकर) पर केस दर्ज किया गया है। नेहा ने बताया कि प्रवीण पहले कोटा की एक निजी कोचिंग में कार्यरत थे। 2009 में शादी के बाद उनकी पोस्टिंग दिल्ली, बड़ौदा और राजकोट में भी रही। कोटा में जॉब के दौरान एक छात्रा ने छेड़छाड़ की शिकायत की थी, जिसके बाद प्रवीण पर एफआईआर दर्ज हो गई और उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। इस घटना के बाद वे तनाव में रहते हुए दूसरी नौकरी की तलाश करते रहे और बाद में सीकर की कोचिंग में पढ़ाने लगे। पैसों की मांग और मारपीट का आरोप नेहा का आरोप है कि प्रवीण लगातार उस छात्रा से समझौता कराने के लिए उस पर दबाव बनाते थे। पति का कहना था कि ऐसी बातें नौकरी में हो जाती हैं और मामला शांत कराने के लिए पैसों की जरूरत है, ताकि वह कारोबार शुरू कर सके। उन्होंने बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखने का तर्क देकर नेहा से पैसे भी मांगने शुरू कर दिए। नेहा ने बताया कि परेशान करने का सिलसिला बढ़ता गया और जुलाई 2024 में प्रवीण ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। बच्चों के रोने पर वह रुक गया, लेकिन धमकी दी कि उसकी बात मान लेना ही ठीक है। मारपीट के बाद नेहा करीब 10 दिन बीमार रही, लेकिन डर के कारण शिकायत नहीं कर सकी। मामा ने कार भेज इंदौर बुलाया स्थिति बिगड़ने पर नेहा ने इंदौर में रहने वाले अपने मामा विनोद को पूरी बात बताई। उन्होंने तुरंत कार भेजकर नेहा, बच्चों और उसकी भांजी को इंदौर बुला लिया। जानकारी मिलते ही प्रवीण भी इंदौर पहुंच गया और वहां आकर फिर विवाद किया। इसके बाद नेहा ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। महिला ने यह भी कहा कि राजस्थान में उसे अपनी जान का खतरा है, इसलिए इंदौर में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने अब आरोपी प्रवीण शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर केस राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है।


