इंदौर में मिले दंपत्ति के शव का आज होगा पीएम:परिजनों से इंदौर आने और शव लेने से किया इनकार, पुलिस से कहा-आप ही कर दें अंतिम संस्कार

इंदौर के लसूड़िया स्थित सेटेलाइट जंक्शन में रहने वाले कन्हैया लाल परनवाल और उनकी पत्नी स्मृति परनवाल के परिजनों ने दोनों के शव लेने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने उनके बड़े भाई से संपर्क किया था। उन्होंने पुलिस से ही दोनों के दाह संस्कार का कह दिया। परनवाल दंपत्ति के शव गुरुवार को उनके मकान में मिले थे। दोनों शव का आज पोस्ट मार्टम होगा। कन्हैयालाल परनमाल मूल रूप से देवरिया (यूपी) के रहने वाले थे। वे चार भाई हैं। कई साल पहले कन्हैया लाल अपनी पत्नी के साथ इंदौर आकर बस गए थे। दंपत्ति ने पड़ोसियों से तो दूरी बनाई रखी थी, परिजनों से भी उनकी बातचीत कम ही होती थी। कल मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली थी, जिसमें कन्हैया लाल के बड़े भाई का नंबर मिला। लसूड़िया टीआई तारेश सोनी ने उन्हें फोन लगाकर कन्हैया लाल एवं उनकी पत्नी स्मृति की मौत की सूचना दी और इंदौर आने को कहा। उनके बड़े भाई ने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि महीनों में उनसे बात होती थी। ज्यादा संपर्क ही नहीं था। उन्होंने पुलिस से कहा कि आप ही दोनों का दाह संस्कार कर दें। पोस्ट मार्टम से पता चलेगा मौत का कारण टीआई ने बताया कि दोनों की मौत 15 दिन पहले होने का अनुमान लगाया जा रहा है। दोनों बॉडी पूरी तरह सड़ गई थीं। दोपहर बाद शव मर्चुरी पहुंचे थे। इसलिए पोस्ट मार्टम नहीं हो पाया। आज पोस्ट मार्टम होगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चलेगा। सोनी ने बताया कि कन्हैया लाल लकवाग्रस्त थे। ऐसा लगता है कि पहले पत्नी की बॉथरूम में मौत हुई है और कन्हैया लाल बिस्तर से उठ नहीं पाए और दम तोड़ दिया। उन्हें बोलने में दिक्कत थी। इसलिए किसी को मदद के लिए भी नहीं बुला पाए। मोबाइल से पता चलेगा किससे आखिरी बात हुई टीआई सोनी ने बताया कि दोनों के मोबाइल घर में पड़े मिले। दोनों स्वीच ऑफ थे। उन्हें चार्जिंग पर लगाया है। अब मोबाइल खंगालेंगे। इससे पता चलेगा कि आखिरी बार कन्हैया लाल या स्मृति की किससे बात हुई थी। कमरे में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। उनके फुटेज भी निकाले जाने हैं। जिससे उनकी आखिरी समय की स्थिति का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि कन्हैया लाल और स्मृति के बच्चे नहीं थे। इसलिए वे डिप्रेशन में थे। संभवत: इस कारण से लोगों के संपर्क में नहीं रहते थे। बता दें कि कन्हैया लाल 2016 में सेटेलाइट जंक्शन में रहने आए थे। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… इंदौर में घर में मिले पति-पत्नी के शव इंदौर में गुरुवार सुबह एक घर में पति-पत्नी के शव मिले हैं। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घर में घुसी तो पति बेड पर और पत्नी बाथरूम में पड़ी थी। शव एक हफ्ते पुराने बताए जा रहे हैं। पड़ोसियों ने 10 दिन पहले महिला को घर से बाहर देखा था। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *