इंदौर में युवक की संदिग्ध मौत:क्लीनिक में इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने क्लीनिक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लसूडिया पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय अमन पुत्र कैलाश कड़िया शनिवार दोपहर प्रकाश पेट्रोल पंप के पास घर लौट रहा था, तभी उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल पास के तुलसी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे सलाइन चढ़ाकर इलाज शुरू किया। करीब तीन घंटे तक उपचार के बाद परिजनों ने युवक को बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके बाद परिजन अमन को शाम को अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। परिजनों का आरोप है कि तुलसी क्लीनिक में युवक का समुचित इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि अमन की सांसें चल रही थीं, लेकिन डॉक्टरों ने घबराहट बताकर केवल सलाइन लगाई और गंभीरता से उपचार नहीं किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। अमन वाहन चलाने का काम करता था। उसके पिता मकान निर्माण कार्य से जुड़े हैं और परिवार में एक छोटा भाई भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *