इंदौर में संघ प्रमुख भागवत के आने की तैयारी शुरू:3 जनवरी को इंदौर आएंगे, तीन दिन तक रहेंगे मालवा-निमाड़ में

इंदौर में 3 जनवरी को संघ प्रमुख मोहन भागवत का आना तय हो गया है। वह इस दौरान मालवा और निमाड़ में तीन दिन तक रहेंगे। इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। भागवत जिन कार्यक्रम में शामिल होंगे वहां और संघ मुख्यालयों अर्चना और सुदर्शन पर पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भागवत इंदौर में दशहरा मैदान पर होने वाले घोष वादन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में 28 जिलों के स्वयंसेवक भाग लेंगे। इसके साथ-साथ वह निमाड़ क्षेत्र में ओंकारेश्वर और मंडलेश्वर में आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। इसके साथ ही कुछ और कार्यक्रम भी हैं, जो संघ स्तर पर होंगे। चम्पतराय को मिलेगा देवी अहिल्या राष्ट्रीय पुरस्कार संघ प्रमुख की मौजूदगी में देवी अहिल्या राष्ट्रीय पुरस्कार का एक आयोजन होगा। पूर्व लोकसभा स्पीकर और शहर की 8 बार सांसद रहीं सुमित्रा महाजन इस कार्यक्रम की सूत्रधार हैं। इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के वरिष्ठ नेता चंपत राय को इस वर्ष का देवी अहिल्याबाई होलकर पुरस्कार दिया जाएगा। चम्पतराय ये पुरस्कार उन हुतात्माओं की स्मृति में प्राप्त करेंगे, जो सैकड़ो वर्षों तक चले श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। कार्यक्रम राजेंद्रनगर स्थित नए लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में होगा। आयोजन की तैयारियां देवी अहिल्या उत्सव समिति द्वारा तेज कर दी गई हैं। महाजन के नेतृत्व में इस आयोजन में संघ प्रमुख की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, यह राष्ट्रीय पुरस्कार कार्यक्रम पूरी तरह से दलीय राजनीति से परे है। संघ के मालवा प्रांत में 28 जिले आते है इंदौर में आयोजित घोष वादन कार्यक्रम 3 जनवरी तक चलेगा। इसमें संघ के मालवा प्रांत के 28 जिलों के 107 घोष केंद्रों से स्वयंसेवक शामिल होंगे। बीते 4 महीने से 1150 वादकों द्वारा नियमित अभ्यास किया जा रहा है। इनमें से 750 से अधिक चयनित वादक दशहरा मैदान में प्रस्तुति देंगे। घोष वादन संघ का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी अपनी अलग विंग होती है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी भी शामिल होंगे। ओंकारेश्वर में यह कार्यक्रम में शामिल होंगे भागवत भागवत इंदौर का कार्यक्रम संपन्न करने के बाद ओंकारेश्वर पहुंचेंगे, जहां साध्वी ऋतंभरा के आश्रम में वे ठहर सकते हैं। यहां भी एक बड़ा आयोजन कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इस आयोजन में भी स्वयंसेवक अपने परिवार के साथ शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय कुटुंब व्यवस्था से जुड़े इस आयोजन में देशभर से लोग जुटेंगे। कार्यक्रम साध्वी ऋतुम्भरा के आश्रम में होगा। साध्वी जी भी इस अवसर पर मौजूद रहेगीं। इसके साथ-साथ मंडलेश्वर में भी एक आयोजन होगा, जहां वे एक गौशाला में जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *