इंदौर में स्वच्छता के लिए निकाला पैदल मार्च:सफाई मित्रों के साथ शामिल हुए नगर निगम आयुक्त

इंदौर में रविवार को स्वच्छता जागरूकता के लिए पैदल मार्च निकाला गया। स्वच्छता में लगातार 8वीं बार नंबर 1 का स्थान हासिल करने के लक्ष्य को साकार करने के लिए ये मार्च निकाला गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशन पर ये आयोजन हुआ। पैदल मार्च में सफाई मित्र, कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी और नगर निगम के अधिकारी शामिल हुए। इंदौर को 8वीं बार स्वच्छता में अव्वल लाने की तैयारी आयुक्त शिवम वर्मा ने लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा स्वच्छता के लिए जागरूकता और लोगों का समर्थन ही इंदौर को लगातार स्वच्छता में नंबर 1 बनाए रखने में सहायक होगा। इस मौके पर अपर आयुक्त अभिलाभ मिश्रा भी मौजूद रहे। स्वच्छता पैदल मार्च में सफाई कामगार यूनियन के अध्यक्ष लीलाधर करोसिया, बाबूलाल सिरसिया, टोनी सिरसिया, महेश तोमर, पटेल रामलाल संकत, सुभाष धौलपुरे, मनोज सिरसिया, चंदन डागर सहित कई सफाई मित्र शामिल हुए। यूनियन अध्यक्ष लीलाधर करोसिया ने बताया कि नगर निगम की मान्यता प्राप्त यूनियन के निर्देशन में यह पैदल मार्च स्वच्छता के लिए जनजागृति लाने और लोगों को निगम के बकाया टैक्स समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करने के लिए किया गया। सफाई मित्रों और कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने इंदौर को स्वच्छता में 8वीं बार नंबर 1 बनाने के लिए हरसंभव योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले और अपने टैक्स का समय पर भुगतान करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *