इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर मेट्रो 15 जनवरी से 25 जनवरी तक पूरी तरह बंद रहेगी। गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो के परीक्षण और सिस्टम जोड़ने के काम पूरे करने के लिए यह रोक लगाई गई है। इस साल मार्च तक प्राथमिक कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन शुरू होना है। अब सभी 16 स्टेशनों पर ट्रायल रन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) के काम अंतिम चरण में हैं। एमपीएमआरसीएल के अधिकारियों के अनुसार, चालू हिस्से को बाकी सेक्शन से जोड़ने के लिए तकनीकी परीक्षण जरूरी हैं। इसमें सिग्नल सिस्टम, टेलीकम्युनिकेशन, सुरक्षा उपकरण और कंट्रोल सिस्टम का समन्वय शामिल है। इसे सुरक्षित और समय पर पूरा करने के लिए मेट्रो का संचालन बंद किया गया है। मेगा ब्लॉक के दौरान पूरा कॉरिडोर टेस्ट और सिस्टम जोड़ने के काम किए जाएंगे। पहले मेट्रो सीमित रूप से चल रही थी 11 जनवरी से मेट्रो सिर्फ एक बार चल रही थी। दोपहर 3 बजे मेट्रो गांधीनगर स्टेशन से चली और सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर तीन पर 3.25 बजे वापस लौट गई। यात्रियों की कम संख्या के कारण फेरे कम किए गए थे।


