टीकमगढ़ में कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। पिछले चार दिनों से लगातार धूप निकलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को ठंड से राहत मिली है और रबी फसलों को भी फायदा हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को भी सुबह से मौसम साफ रहा। अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 23 से 24 डिग्री और रात का तापमान 8 से 9 डिग्री रह सकता है। शनिवार से एक बार फिर दिन और रात के तापमान में वृद्धि का अनुमान है, जिसमें दिन का तापमान 26 डिग्री और रात का तापमान 12 डिग्री तक पहुंच सकता है। किसान बोले-धूप निकलने से गेहूं, चना को फायदा किसान भागीरथ कुशवाहा ने बताया कि 1 जनवरी से 8 जनवरी तक चली शीतलहर और घने कोहरे के कारण फसलों को नुकसान होने लगा था। हालांकि, अब मौसम साफ होने और धूप निकलने से गेहूं, चना, मटर और सरसों की फसलों की वृद्धि अच्छी हो रही है। पिछले सात दिनों के तापमान पर गौर करें तो दिन के तापमान में 5 से 6 डिग्री की वृद्धि हुई है, जबकि रात का तापमान भी लगभग चार डिग्री बढ़ गया है। पिछले बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि हुई, जो इस बुधवार को अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री तक पहुंच गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान है।


