इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले डे-नाइट वनडे मैच के लिए टिकटों की दरें तय कर दी गई हैं। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अनुसार इस मुकाबले के लिए सबसे सस्ता टिकट 800 रुपए, जबकि सबसे महंगा टिकट 7,000 रुपए रखा गया है। यह मुकाबला एमपीसीए के इतिहास का 29वां वनडे होगा, वहीं होलकर स्टेडियम आठवीं बार वनडे क्रिकेट की मेजबानी करेगा। एमपीसीए ने अपनी स्पष्ट किया है कि यह मैच पूरी तरह डे-नाइट प्रारूप में खेला जाएगा। एमपीसीए से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मैच के टिकट सिर्फ ऑनलाइन ही उपलब्ध होंगे। इसके लिए ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ को आधिकारिक ऑनलाइन टिकटिंग एजेंसी नियुक्त किया गया है। दर्शक टिकट केवल District मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से ही खरीद सकेंगे। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन टिकट बिक्री नहीं होगी। टिकट की कीमतें स्टैंड और गैलरी के अनुसार तय की गई हैं। साउथ पवेलियन में लोअर फ्लोर के टिकट 5,500 रुपए, फर्स्ट फ्लोर 7,000 रुपए, सेकेंड फ्लोर 6,500 रुपए और थर्ड फ्लोर 5,000 रुपए रखे गए हैं। वहीं ईस्ट और वेस्ट स्टैंड के टिकट 800 रुपए से 1,500 रुपए तक की श्रेणियों में उपलब्ध होंगे। हालांकि, एमपीसीए ने अभी टिकट बिक्री की तारीख घोषित नहीं की है। एक व्यक्ति 4 टिकट खरीद सकेगा एक व्यक्ति ऑनलाइन अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा। ये टिकट एक ही श्रेणी के या अलग-अलग श्रेणियों के हो सकते हैं। टिकट कीमत के अलावा पेमेंट गेटवे चार्ज, सुविधा शुल्क और कर अलग से देय होंगे।एमपीसीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्र रियायत श्रेणी और दिव्यांग दर्शकों के लिए टिकट की दरें और उनकी उपलब्धता की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। कुल मिलाकर, इंदौर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। भारत-न्यूजीलैंड का यह डे-नाइट वनडे मुकाबला न केवल रोमांच बढ़ाएगा, बल्कि होलकर स्टेडियम के इतिहास में एक और यादगार अध्याय भी जोड़ेगा। इंदौर में खेले जाने वाला 8वां वनडे यह मुकाबला मध्य प्रदेश में खेला जाने वाला 29वां अंतरराष्ट्रीय वनडे और होलकर स्टेडियम में आयोजित आठवां वनडे मैच होगा। इससे पहले होलकर स्टेडियम में 24 सितंबर 2023 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मुकाबला खेला गया था। भारत–न्यूजीलैंड के बीच यह मैच 2025–26 की द्विपक्षीय व्हाइट-बॉल सीरीज का हिस्सा है। इस श्रृंखला में कुल 3 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। पहले वनडे सीरीज होगी, इसके बाद टी-20 सीरीज का आयोजन किया जाएगा।


