इंदौर में जूनी इंदौर इलाके में एक युवक को दो नाबालिगों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों को रविवार रात में हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा पुत्र राकेश वर्मा, निवासी मालीपुरा की शिकायत पर नाबालिग नैतिक और प्रियांशु के खिलाफ चाकूबाजी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। कृष्णा ने बताया कि वह अपने दोस्त आदित्य के साथ फूलमाली धर्मशाला के पास खड़ा था। तभी वहां आरोपी पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर अपशब्द कहने लगे। इस दौरान जब कृष्णा ने उन्हें रोका, तो आरोपियों में से प्रियांशु ने चाकू निकाल लिया और कृष्णा पर पसली और पेट में दो बार चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। आदित्य जब बचाव के लिए आया, तो आरोपी उस पर भी चाकू लेकर दौड़े। आसपास लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। एक दिन पहले हुई थी मारपीट जानकारी के मुताबिक, कृष्णा ने एक दिन पहले दोनों नाबालिगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की थी। किसी लड़की को लेकर विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए उस पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है।


