इंदौर में 6.5 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा:350 करोड़ की लागत से पुरानी मंजूर डिजाइन के अनुसार ही आगे बढ़ेगा; मिट्टी की टेस्टिंग जारी

इंदौर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में शनिवार को एक अहम बैठक हुई। बैठक में मेयर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित इंदौर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में इंदौर शहर में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि एलआईजी चौराहे से नौलखा तक लगभग 6.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का काम शुरू हो चुका है और फिलहाल मिट्टी की जांच (सॉयल टेस्टिंग) की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 15 फरवरी से कॉरिडोर के फाउंडेशन का काम शुरू किया जाएगा। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और प्रोजेक्ट को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। मेयर ने बताया कि यह एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 350 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट पिछले चार सालों से अटका हुआ था, जिसे अब पुरानी स्वीकृत डिजाइन के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। शहरवासियों को उम्मीद है कि एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *