इंदौर पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली चुनाव पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के खींचतान पर बड़ा बयान दिया है। कहा कि- कांग्रेस का अतीत है। जिसने भी कांग्रेस का साथ लिया कांग्रेस ने उसे डूबा कर ही छोड़ा है। आम आदमी पार्टी की स्थिति और बुरी होने वाली है, क्योंकि उन्होंने कांग्रेस का साथ लिया है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव के समय से हम बोल रहे थे। आप पार्टी और कांग्रेस जनता को मूर्ख बना रही हैं। कांग्रेस आप को छोड़कर भाग रही है और आप पार्टी कांग्रेस पर आरोप लगा रही है। भाजपा गठबंधन के चक्कर पर न उस वक्त पड़ी न अब। ‘जीतू पटवारी को बोलना चाहिए, राहुल जी माफ कर दो’ 26 जनवरी को एमपी के महू से शुरू होने वाली राहुल गांधी की संविधान यात्रा पर बोले- बाबा साहब के अपमान के राहुल गांधी अपने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से कहे वो माफी मांगे, प्रदेश अध्यक्ष पर कार्रवाई करें। जीतू पटवारी को बोलना चाहिए राहुल जी माफ कर दो। बाबा साहब का सम्मान भाजपा ने किया, कांग्रेस ने हमेशा अपमान किया है। नेहरु जी ने बाबा साहब को चुनाव हराने का काम किया। बाबा साहब को कदम-कदम पर लज्जित करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। कांग्रेस पहले अपने पुराने पाप धोए, उसके बाद संविधान यात्रा निकाले। ‘कांग्रेस का काम है अपने बुजुर्गों का अपमान करना’ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के नाराजगी पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। कांग्रेस का काम है अपने बुजुर्गों का अपमान करना। दोनों वरिष्ठ नेता सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं तो कांग्रेस को विचार करना चाहिए। कांग्रेस का चरित्र हैं, अपने बुजुर्गों की इज्जत नहीं करना। सीताराम केसरी का राष्ट्रीय अध्यक्ष के वक्त धोती खोलने का काम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया हैं। मनमोहन सिंह के कैबिनेट के कागज छीनकर फाड़ने का काम राहुल गांधी ने किया है। राहुल अपने पार्टी के किए गलतियों के लिए पहले माफी मांगे फिर यात्रा निकाले। सीएम मोहन ने कहा कि- प्रदेश में जहां-जहां कृष्ण के कदम पड़े, उसे तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेंगे। महाकाल लोक की तरह उज्जैन, अमझेरा और जानपांव में कृष्णलोक बनेगा। मथुरा की तरह मध्यप्रदेश में कृष्ण तीर्थ स्थल बनाएंगे। प्लास्ट पैक 2025 के शुभारंभ अवसर पर आए थे सीएम इंदौर में चार दिवसीय प्लास्टपैक 2025 गुरुवार से शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन 9 से 12 जनवरी तक लाभ गंगा एक्जीबिशन सेंटर पर होगा। यह इंडियन प्लास्ट पैक फोरम द्वारा आयोजित मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा आयोजन है। यहां 400 से ज्यादा कंपनियों के 2 हजार से ज्यादा प्रोडक्ट प्रदर्शनी में रखे जाएंगे। एक्जीबिशन सेंटर को 6 अलग-अलग डोम में विभाजित किया गया है। जहां लाइव मशीनों और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री चैतन्य कश्यप, मंत्री राकेश शुक्ला, इंदौर के सासंद शंकर लालवानी, विधायक एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विशेष तौर पर शामिल हुए। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने बताया कि, इंडियन प्लास्ट पैक फोरम हमेशा से नए विचारों, नवाचारों और तकनीकी प्रगति को प्रोत्साहित करता रहा है। इस सम्मेलन के माध्यम से, हमारा उद्देश्य उद्योग जगत के विशेषज्ञों, व्यापारियों और युवा उद्यमियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे नवीनतम तकनीकों और विचारों का आदान-प्रदान कर सकें। प्लास्टपैक 2025 के चैयरमैन हितेश मेहता ने कहा कि, प्लास्ट पैक 2025 के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि प्लास्टिक का लगातार उपयोग और रिसाइक्लिंग पर्यावरण के लिए कैसे लाभकारी हो सकता है। 11 को प्लास्टिक की कंपनियां जॉब फेयर भी लगाएंगी 11 जनवरी को जॉब फेयर के आयोजन में इंदौर की प्लास्टिक कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। प्लास्टिक के बारे में और विशेष बाते बताने और जागरुकता फ़ैलाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्लास्टिक टैक्नॉलाजी के अनेक एक्सपर्ट सेमिनार को संबोधित करेंगे। इसमें सीपेट, आईटीआई, निजी कंपिनयों सहित अनेक कॉलेज और निजी विश्वविद्यालयों के छात्र, युवा और सभी इच्छुक भाग ले सकेंगे।


