इंद्रा शर्मा ने जीती केरम प्रतियोगिता:महिला वकीलों के लिए धौलपुर अभिभाषक संघ ने करवाया टूर्नामेंट

धौलपुर में अभिभाषक संघ की ओर से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत महिला अधिवक्ताओं की केरम प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कुमारी इंद्रा शर्मा ने विजेता का खिताब जीता, जबकि कुमारी प्रतिमा उपविजेता रहीं। बाड़ी अभिभाषक संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह जादौन इस आयोजन के मुख्य अतिथि थे। जादौन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार अधिवक्ता न्यायालय में पूरी शक्ति से पैरवी करते हैं, उसी प्रकार उन्हें खेलों में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने धौलपुर अभिभाषक संघ की ओर से अधिवक्ताओं के मानसिक विकास के लिए आयोजित इन प्रतियोगिताओं की सराहना की और ऐसे आयोजन प्रतिवर्ष होते रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य सभी वर्गों के अधिवक्ताओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से इन आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेकर इन्हें सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर धौलपुर अभिभाषक संघ के महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी, उपाध्यक्ष हेमंत पचौरी, संयुक्त सचिव ब्रजेश सिंह बघेला, कोषाध्यक्ष विनय शर्मा, पुस्तकालय सचिव प्रशांत बघेल और ऑडिटर विवेक व्यास भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मोहम्मद जाकिर हुसैन, विमल शर्मा और पूजा नरसल शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *