भास्कर न्यूज | लुधियाना चंदर नगर स्थित राजेश नगर में श्री श्यामा श्याम शिव मंदिर का स्थापना दिवस पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पं. हरगोपाल और शकुंतला शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस धार्मिक उत्सव में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में महिला संकीर्तन मंडल द्वारा भव्य हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया गया। मधुर भजनों और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों को संबोधित करते हुए पं. हरगोपाल ने कहा कि व्यक्ति को जीवन में मानवता को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि इंसान बनकर जिएंगे, तभी समाज में सम्मान मिलेगा। अपने तन और मन को निर्मल रखें क्योंकि स्वच्छता में ही लक्ष्मी का वास होता है। पं. हरगोपाल ने कर्म की महत्ता बताते हुए कहा कि निरंतर अच्छे कर्म ही सफलता की कुंजी हैं। गुरु को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए उन्होंने कहा कि गुरु की सेवा साक्षात ईश्वर की सेवा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से ईमानदारी और देशभक्ति का संकल्प लेने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर अमित ढंड, रानी, पूनम, अलका, लता, पूजा, सुदेश, इंदू, अनुपम, सुनीता, रचना सहित भारी संख्या में इलाका निवासी मौजूद रहे।


