उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने डरा-धमकाकर अवैध वसूली के मामले में कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर नारायणदास वैष्णव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में डराने-धमकाने, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं और यह हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ गिरोह का सदस्य है। उसके साथ मिलकर पूर्व में गंभीर घटना को अंजाम दे चुका है। थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया- 8 अक्टूबर 2025 को सुखेर निवासी अभय डांगी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि इंस्टाग्राम कॉल के जरिए उससे कई बार रुपयों की मांग की गई। रुपए नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इधर, पुलिस ने टीम गठित करते हुए आरोपी का पता लगाया। जिसके बाद उसे घर से दबोच लिया। कार्रवाई टीम में एएसआई हरीशचंद्र, कांस्टेबल अचलाराम, शंभूराम, प्रदीप और रोहिताश आदि शामिल थे। 5 माह पूर्व हिस्ट्रीशीटर को महिला बनकर घूमते हुए पकड़ा था
उदयपुर पुलिस ने 5 माह पूर्व आरोपी नारायण दास को महिला के वेश में घूमते हुए पकड़ा था। आरोपी पर 10 हजाार रुपए का इनाम घोषित था। उस वक्त इसे जमीन मालिक को धमकाकर 35 लाख रुपए की अवैध वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया था। हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था।


