सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (23), निवासी सेमराखुर्द, थाना पवई, जिला पन्ना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पन्ना से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। नागौद थाना टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि पीड़िता की पहचान करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से अर्जुन सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। 2 जनवरी को युवती अपने रिश्तेदार के घर आई थी और खैरुआ सरकार मंदिर जाने की तैयारी कर रही थी। इसकी जानकारी उसने आरोपी को फोन पर दी। इसके बाद आरोपी बाइक से नागौद पहुंचा और युवती को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोपी युवती को बल्ला धार पुल की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने शादी न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से आहत युवती ने परिजनों को आपबीती बताई और सोमवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


