इकरा हसन से निकाह कबूल…कहने वाला अरेस्ट:मुरादाबाद में पेट्रोलपंप पर सरेआम की गुंडई, रोका तो पुलिस वालों को भी पीटा

कैराना की सपा सांसद इकरा हसन के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले करणी सेना के उपाध्यक्ष ठाकुर योगेन्द्र सिंह राणा को मुरादाबाद पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। हालांकि, राणा की अरेस्टिंग फिलहाल इकरा मामले में नहीं बल्कि पुलिस वालों से मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में की गई है। खुद को करणी सेना का उपाध्यक्ष बताने वाला योगेंद्र राणा मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से भाजपा के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का करीबी है। जमीनों पर कब्जों के मामलों में भी योगेंद्र राणा का नाम खूब उछला है। एक के बाद एक विवादित बयानों के मामले में भी राणा के खिलाफ मुकदमे तो दर्ज हुए लेकिन कभी उसकी अरेस्टिंग नहीं हुई। अब जानिए पूरा मामला
गुरुवार देर रात मझोला थाना क्षेत्र में 7-8 लोग नशे की हालत में झगड़ा कर रहे थे। सूचना मिलते ही मझोला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंची टीम को नशे में धुत लोगों ने बदसलूकी की और विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। पुलिस ने दो लोगों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था, जबकि योगेंद्र सिंह राणा को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कर्मियों से की मारपीट
मुरादाबाद के SP सिटी रण विजय सिंह ने बताया- गुरुवार रात योगेंद्र राणा ने शराब के नशे में अपने 7-8 साथियों के साथ मिलकर दिल्ली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर हंगामा किया था। यहां मारपीट की सूचना पर पीआरवी पहुंची तो राणा ने उनसे भी बदसलूकी शुरू कर दी। राणा पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों से मारपीट करने लगा। पुलिस कर्मियों से मारपीट की सूचना पर लाइनपार चौकी इंचार्ज शिव कुमार वशिष्ठ अपने साथी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन नशे में धुत्त राणा ने साथियों की मदद से चौकी इंचार्ज से भी मारपीट शुरू कर दी। उसने चौकी इंचार्ज का पिस्टल छीनने का भी प्रयास किया। इसके बाद अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंचा तो राणा के साथ भाग निकले। पुलिस ने मौके से योगेंद्र कुमार राणा पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी पीतल नगरी समरधाम और अंश शर्मा पुत्र क्रांति प्रसाद निवासी बरवलान कटघर को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। सूत्रों का कहना है कि रात में हवालात में राणा की पुलिस ने जमकर खातिरदारी भी की। राणा अब से पहले शहर में छोटे-मोटी मारपीट करता रहा है। लेकिन पहला मौका है जब उसने सीधे तौर पर पुलिस पर हाथ डालने की जुर्रत की है।
सरेआम पुलिस कर्मियों से मारपीट और गुंडई करने वाला भाजपा विधायक का करीबी था, इसलिए तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। 19 जुलाई को योगेंद्र राणा ने क्या कहा, पूरा बयान पढ़िए कैराना सांसद इकरा हसन अभी अविवाहित हैं। मैं भी देखने में उनसे कम खूबसूरत नहीं हूं। मेरा घर मकान भी ठीकठाक है। मेरे पास जमीन जायदाद और माल भी कम नहीं है। मुरादाबाद में मेरे कई मकान हैं। मैंने अपनी पत्नी से भी पूछ लिया है। इकरा हसन चाहें तो मुझसे शादी कर सकती हैं। मैं उन्हें अपने घर में नमाज पढ़ने की इजाजत इे दूंगा। लेकिन एक शर्त है कि असदुद्दीन और अकबरुद्दीन ओवैसी मुझे जीजा कहकर बुलाएंगे। मुझे इकरा हसन से निकाह कबूल है …कबूल है… कबूल है। राणा के बयान पर अखिलेश यादव और एसटी हसन ने क्या कहा था, पढ़िए …………………….. ये खबर भी पढ़िए- सहारनपुर में महिला चेयरमैन को ADM ने किया अपमानित, सपा सांसद इकरा हसन बोलीं- एडीएम को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाए सहारनपुर में कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने एडीएम (ई) संतोष बहादुर सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि अधिकारी ने न सिर्फ महिला जनप्रतिनिधि का अपमान किया। बल्कि घंटों इंतजार करवाकर सिस्टम की संवेदनहीनता को भी उजागर किया। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *