सीकर जिले में इजराइल में क्लीनर की नौकरी का झांसा देकर 26.45 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। एजेंट ने फर्जी वीजा दे दिया। अब पीड़ित ने सीकर के लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने में कोर्ट इस्तगासे से मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कोर्ट इस्तगासे से नरसास निवासी श्रवण कुमार ने लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसे दिल्ली निवासी मनीष कुमार मिला था। जिसने कहा कि उसका दिल्ली में ऑफिस हैं और वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। फिलहाल इजराइल में मेशन, हेल्पर व क्लीनर की जरूरत है। इस पर श्रवण कुमार ने अपने बेटे अभिषेक को विदेश भेजने की बात कही तो मनीष ने जवाब दिया कि वह उसके बेटे अभिषेक को इजराइल में क्लीनर की नौकरी दिला देगा और हर महीने दो लाख रुपए तनख्वाह मिलेगी। मनीष ने कहा कि वैकेंसी बहुत हैं। यदि आपका कोई जानकार या रिश्तेदार भी इजराइल जाना चाहता है तो प्रत्येक के बदले में पांच-पांच लाख रुपए देने होंगे। इस पर श्रवण कुमार एजेंट मनीष के झांसे में आ गया। जिन्होंने अपने बेटे और अन्य कई लोगों को विदेश भेजने के लिए 26.45 लाख रुपए मनीष और उसके सहयोगियों को दे दिए। इसके बाद मनीष ने सबको वीजा और टिकट देकर दिल्ली में एक होटल पर बुला लिया। चार-पांच दिन रुकने के बाद मनीष ने सभी को कहा कि अभी थोड़ा टाइम लगेगा। आप लोग वापस गांव लौट जाए। वीजा क्लियर होते ही सबको सूचना कर दी जाएगी। लेकिन, लंबा समय बीत जाने के बाद भी एजेंट मनीष का जवाब नहीं आया और जब दिए गए वीजा की जांच करवाई तो वे सब फर्जी निकले। अब एजेंट का मोबाइल भी स्विच ऑफ है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


