भास्कर न्यूज | इटखोरी रामनवमी त्योहार के मौके पर इटखोरी प्रखंड के विभिन्न अखाड़ों द्वारा जीवंत एवं विभिन्न देवी देवताओं की कथा पर आधारित आकर्षक एवं बेहतरीन झांकी निकाली गई। झांकियों का दौर इटखोरी चौक पर रविवार शाम से लेकर आधी रात तक जारी रहा। नवयुवक संघ धनखेरी अखाड़ा द्वारा निकाली गई जीवंत गरीबी और भुखमरी पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस झांकी में कई छोटे बड़े वाहनों का उपयोग किया गया था। जिसमें कलाकारों ने झांकी की प्रस्तुति से वर्तमान समय में गरीबी और भुखमरी पर आधारित झांकी की बेहतरीन प्रस्तुति दी। वहीं इटखोरी जेएमबी क्लब द्वारा निकाली गई अघोरी नृत्य और महिला एवं युवतियों द्वारा झांसी की रानी पर आधारित शोभायात्रा तथा बेहतरीन ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इधर जयप्रकाश नगर महालिंगेश्वर अखाड़ा द्वारा निकाली गई महाकाल पर आधारित तांडव नृत्य भी दर्शकों को खूब भाया। इसके अलावा मलकपुर तूफान बजरंग दल अखाड़ा द्वारा निकाली गई मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, जामवंत, नल और नील एवं हनुमान जी की जीवंत झांकियां इटखोरी चौक पर संध्या होते हीं पहुंची। इसमें शामिल कलाकार अपनी-अपनी कला और प्रदर्शन का लोहा मनवाते हुए अपने गांव की ओर कूच कर गए। वहीं करनी चौक पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और वीर बजरंगबली आदि पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने नाटक की प्रस्तुति देखकर भक्ति की शक्ति में लीन हुए। इधर महा समिति द्वारा इटखोरी चौक पर भव्य मंच बनाया गया था। जहां इन झांकियों द्वारा बेहतरीन प्रस्तुति दी गई। इन अखाड़ों द्वारा निकाली गई झांकियां और शोभा यात्रा को देखने बड़ी संख्या में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से महिला, पुरुष, वृद्ध, युवा और बच्चों की भीड़ जुटी रही। इटखोरी चौक पर रामनवमी त्योहार को लेकर भव्य मेला आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने खिलौने तो उनके अभिभावकों ने आवश्यक घरेलू सामग्रियों और मिठाईयों की जमकर खरीदारी की। इटखोरी चौक पर शुद्ध पेयजल एवं स्वास्थ्य शिविर की भी व्यवस्था की गई थी। जुलूस में शामिल राम भक्त भगवान राम और वीर बजरंगबली के धार्मिक गानों पर खूब झूमे। चौक चौराहे पर राम भक्तों ने अस्त्र-शस्त्र का परिचालन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। झांकियों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन चाक-चौबंद रही।


