भास्कर न्यूज |कुन्दा कुन्दा प्रखंड के नवादा पंचायत मुखिया भरत यादव ने अपने पंचायत के सिंदरी से पचम्बा तक लगभग पांच किलोमीटर कच्ची सड़क को मरम्मत करवाया है।जिससे ग्रामीणों को वैवाहिक कार्यक्रम में वाहन उनके घर तक पहुंच सकें। इस सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती थी, खासकर वैवाहिक कार्यक्रमों में वाहन उनके घर तक नहीं पहुंच पाता था।मुखिया भरत यादव ने अपनी निजी खर्च से जेसीबी मशीन की सहायता से इस सड़क को मरम्मत करवाकर आवागमन योग्य बनवाया है,जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि ग्रामीण इस सड़क को पक्कीकरण कराने को लेकर लगातार स्थानीय सांसद, विधायक और उपायुक्त से गुहार लगाते रहे हैं। लेकिन अभी तक प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासनिक स्तर पर सड़क की सुध लेते हुए उक्त सड़क को पक्कीकरण किया जाए।जिससे ग्रामीणों को वैवाहिक कार्यक्रम समेत विषम परिस्थितियों में आवागमन में सुविधा मिल सके। साथ ही बच्चों की पठन-पाठन में उक्त सड़क की पक्कीकरण हो जाने से सहूलियत मिलेगी।मुखिया भरत यादव का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक इन सभी लगभग दर्जनों गाँव के ग्रामीणों को पक्की सड़क न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है विभाग द्वारा लगातार सड़क निर्माण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन यहां पर इन ग्रामीणों की असुविधा को देखते हुए उनके सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।उन्होंने कहा है कि लगातार विभाग को पत्र के माध्यम से जानकारी दी जा रही है लेकिन विभाग ने अब तक कोई भी सकारात्मक पहल नहीं किया है।उन्होंने यह भी कहा है कि यदि ससमय ग्रामीणों की मांग पर पहल नहीं की जाएगी तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे।


