भास्कर न्यूज | इटखोरी इटखोरी प्रशासन ने अंततः तीन नोटिस दिए जाने के बाद गुरुवार को इटखोरी चौक-चौराहे और इतवार से बुलडोजर के द्वारा अतिक्रमण हटा दी है। इससे पूर्व बुधवार को प्रशासन द्वारा ध्वनि यंत्र पर इटखोरी के चौक चौराहों पर व्यवसायियों को अतिक्रमण हटाने के लिए अनाउंस कर आगाह किया गया था। प्रशासन का बुलडोजर इटखोरी चौक पर 16 जनवरी की सुबह तकरीबन 8:30 बजे पहुंच गया। बुलडोजर के साथ स्थानीय सीओ सविता सिंह, थाना प्रभारी अभिषेक सिंह, राजस्व कर्मचारी अनुभव आनंद और अमीन इटखोरी चौक पर आए। बाद में इटखोरी बीडीओ सोमनाथ बाकिंरा भी पंहुचे। इससे पूर्व अहले सुबह से हीं इटखोरी चौक के 80 प्रतिशत व्यवसाय अपने-अपने दुकानों के आगे लगे अल्वेस्टर और पाइप को हटाने में जुट गए थे। जिससे प्रशासन को मशक्कत नहीं करनी पड़ी। अंत में प्रशासन ने इटखोरी चौक पर जर्जर यात्री शेड को बुलडोजर से तोड़ दिया। इसके बाद इटखोरी बाजार में घूम घूम कर सीओ एवं कर्मचारी दुकानों के सामने अतिक्रमण किए व्यवसायियों को यथाशीघ्र शेड और पाइप हटाने की निर्देश दी।


