बालोद| छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत वीर नारायण सिंह इनडोर स्टेडियम में हुई। शहीद वीर नारायण सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के 55 खिलाड़ी इस शिविर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों को बॉक्सिंग, जूडो, कराते, किक बॉक्सिंग, ताईकोंडो और कालरीपट्टू जैसे मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है। इस मौके पर ताईकोंडो अध्यक्ष और भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, वार्ड पार्षद राजू पटेल, धीरज कुमार, शहीद वीर नारायण सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष किशोर नाथ योगी, ताईकोंडो सचिव त्रैमेश्वर साहू और एकेडमी के संरक्षक अजय यादव मौजूद रहे।


