लुधियाना| फोकल पॉइंट में एक व्यक्ति पर उस समय हमला कर दिया गया जब वह अपनी पत्नी के ब्लॉक समिति के नामांकन पत्र जमा करवाने से पहले गांव के गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहा था। पीड़ित सुरिंदर कुमार ने बताया कि 3 दिसंबर को वह अपनी इनोवा कार में सवार होकर निकला था। जैसे ही वह गुरुद्वारे के पास पहुंचा, आरोपी दिलदार सिंह और हरदीप सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया। सुरिंदर के अनुसार, आरोपियों ने उसे घेर लिया और हाथ में पकड़े बर्छे से उसकी कार के ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान उन्होंने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिसके कवर में कुछ ऑस्ट्रेलियन डॉलर भी थे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद वह डर के मारे कार भगा ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया। जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बनती धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


