सिरोही | इम्मानुएल मिशन सीनियर सैकंडरी स्कूल, सिरोही के स्कूल परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उनके मताधिकार के महत्व से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम हरि सिंह देवल एवं जिला इलेक्शन ट्रेनर एवं प्रधानाचार्य रतिराम प्रजापत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की छात्राओं ने प्रस्तुत लोक नृत्य से की। इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल के तहत स्कूल में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं नाटक प्रतियोगिता प्रमुख रही। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान के महत्व, लोकतंत्र की मजबूती तथा नागरिक कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मतदाता जागरूकता पर आधारित नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।


