इलाकाबासी बोले- समय पर लिफ्टिंग न होने से कई दिनों तक सड़कों पर पड़ा रहता है कूड़ा

अमनदीप सिंह | अमृतसर दक्षिण हलके के वार्ड 48 के अंतर्गत आने वाले इलाकों गिलवाली गेट, गली ब्रह्मचारी, हवेली नामेशाह, जय सिंह चौक और बाजार घुमियारां में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। इलाकों में कूड़े की नियमित लिफ्टिंग नहीं हो पा रही, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इसके साथ ही सीवरेज सिस्टम लगातार जाम रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली ब्रह्मचारी में सीवरेज प्रणाली की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। लोगों के अनुसार रोजाना सीवरेज चैंबर ब्लॉक हो जाते हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल जाती है और बीमारियों का खतरा बना रहता है। कई जगहों पर सीवरेज के ढक्कन टूटे हुए हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। गिलवाली गेट से जय सिंह चौक को जाने वाले रास्ते पर कई स्थानों पर कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। बाजार घुमियारां में सड़कों की हालत भी बद से बदतर है। सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई हैं और किनारे भी धंस चुके हैं। हवेली नामेशाह के बाहर कूड़ा जमा है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। सिमरन निवासी गली ब्रह्मचारी ने बताया कि सीवरेज के ढक्कन टूटे हैं। जिससे हादसे का डर बना रहता है। वहीं गली भी जगह-जगह से धंस रही है। इसे जल्द बनाया जाए। ताकि लोगों को राहत मिल सके। वार्ड 48 से आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ चुके नरिंदर मरवाहा ने कहा कि वह हलका विधायक से बातचीत कर वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान करवाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर मौजूदा पार्षद वास्तव में लोगों की समस्याओं का हल करवा रहे होते, तो लोग अपनी शिकायतें लेकर उनके पास नहीं आते। वार्ड में कूड़े की समस्या को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। सुखदेव सिंह निवासी गिलवाली गेट ने बताया कि इलाके में कूड़े की लिफ्टिंग समय पर नहीं होती। कई दिनों तक कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहता है, जिससे बदबू और मच्छरों की समस्या बढ़ जाती है। वार्ड पार्षद अश्वनी कुमार ने कहा कि वह पिछली सरकार के कार्यकाल में भी पार्षद रहे हैं। उस समय वार्ड के विकास के लिए करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से गलियों का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन सरकार बदलने के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा उनके वार्ड के साथ पक्षपात किया जा रहा है। इसके बावजूद वह लगातार लोगों की समस्याओं का समाधान करवा रहे हैं। सुरिंदर सिंह निवासी बाजार घुमियारां ने बताया कि सड़कें कई जगहों से बुरी तरह टूट चुकी हैं। दुकानों तक आने-जाने में परेशानी होती है। हवेली नामेशाह के बाहर कूड़े का ढेर लगा रहता है। रजविंदर कौर निवासी गली ब्रह्मचारी ने बताया कि गली में सीवरेज का हाल बहुत बुरा है। रोज चैंबर ब्लॉक हो जाते हैं और गंदा पानी बाहर आ जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। बाजार घुमियारां में टूटी रोड। हवेली नामेशाह के बाहर लगा कूड़ा। गली ब्रह्मचारी में ब्लॉक सीवरेज चैंबर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *