अमृतसर| श्रीराम आश्रम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को बैंकिंग की बारीकियों से रूबरू करवाने के लिए एक अनूठी पहल की गई है। स्कूल के ‘वित्तीय साक्षरता सैल’ द्वारा ‘मॉक बैंक: आश्रमाइट्स बैंक’ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान से परे व्यावहारिक बैंकिंग का अनुभव देना था। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने इस मॉक बैंक में सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने न केवल अपने सहपाठियों बल्कि अभिभावकों को भी बैंक खाता खोलने, धनराशि जमा करने, निकासी करने और तकनीकी बैंकिंग शब्दावली के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और ज्ञान के प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन अध्यक्ष बलबीर बजाज द्वारा किया गया। उन्होंने न केवल बच्चों के नवाचार की सराहना की, बल्कि उन्हें कैश क्रेडिट लिमिट और रेपो रेट जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय विषयों पर भी बहुमूल्य जानकारी दी। प्रिंसिपल डॉ. विनोदिता सांख्यान ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन में विवेकपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने के लिए तैयार करती हैं। संयोजक और सीएओ डॉ. संजय महाजन ने बताया कि यह पहल बच्चों को भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


